देहरादून 26 नवम्बर । सचिवालय में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक की शुरुआत उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
कैबिनेट ने दिवाकर भट्ट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान मंत्रिमंडल ने राज्य निर्माण और प्रदेश के विकास में उनके अहम योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दिवाकर भट्ट ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान सदैव अग्रिम पंक्ति में रहकर संघर्ष किया और प्रदेशहित को सर्वोपरि रखा। कैबिनेट ने उनके आदर्शों और संघर्षशील जीवन को राज्य के लिए प्रेरणास्रोत बताया।



