स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 154 अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित
हरादून, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के विभिन्न इकाइयों एवं संवर्गों में उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा, विशिष्ट कार्य और सराहनीय योगदान देने वाले 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय द्वारा चयनित पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-गोल्ड, पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-सिल्वर एवं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
सेवा के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर के लिए 25 पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है। इनमें पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उप निरीक्षक, अपर उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी स्तर के कार्मिक शामिल हैं। वहीं सेवा के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर के लिए 89 पुलिसकर्मियों का चयन हुआ है। इनमें पुलिस मुख्यालय, एसटीएफ, साइबर क्राइम, एसडीआरएफ, मुख्यमंत्री सुरक्षा, लोकभवन सुरक्षा, विभिन्न जनपदों तथा पीएसी की इकाइयों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
इसी प्रकार विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें पुलिस महानिरीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा, पुलिस महानिरीक्षक जीआरपी/निदेशक यातायात, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी सहित एसटीएफ एवं विभिन्न जनपदों के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इनमें लोकभवन सुरक्षा, एसटीएफ/साइबर, विभिन्न जनपदों, साइबर क्राइम थाना तथा इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (डायल-112) में कार्यरत पुलिसकर्मी शामिल हैं।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड श्री दीपम सेठ ने सम्मानित होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विशिष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किए जाने से निश्चित रूप से अन्य पुलिस कर्मियों को भी आगे बढ़कर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
पुलिस महानिदेशक ने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मान से प्रेरित होकर उत्तराखंड पुलिस के सभी जवान इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और विभाग के हित में सदैव उत्कृष्ट कार्य करते रहेंगे।




