एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा प्रहार, छह स्थानों पर सीलिंग
आवासीय क्षेत्रों में अवैध दुकानों और बिना मानचित्र निर्माण पर कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले—आगे भी जारी रहेगा अभियान
देहरादून 22 अक्टूबर । मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए प्राधिकरण क्षेत्र में छह स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। आवासीय क्षेत्रों में बिना अनुमति व्यावसायिक निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माणों पर कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण की टीम ने हरभजवाला, मेहुंवाला माफी, चंद्रमणी रोड और राजपुर रोड में निर्माण स्थलों
को सील किया।
एमडीडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरभजवाला से राजपुर रोड तक कार्रवाई
एमडीडीए की टीम ने हरभजवाला क्षेत्र में अशरफ अली द्वारा बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के बनाई जा रही छह दुकानों को सील कर दिया। वहीं, शिमला बाईपास रोड स्थित मेहुंवाला माफी क्षेत्र में शाहिद राव के दो अलग-अलग अवैध निर्माणों और फईयाज राव के एक अन्य निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा चंद्रमणी रोड स्थित पूजा विहार के निकट ललित कश्यप द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। राजपुर रोड पर साई मंदिर के निकट अमित गर्ग के निर्माण स्थल को भी प्राधिकरण की टीम ने सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान संबंधित सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध निर्माणों पर रोक लगाने के साथ ही शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है।
अवैध निर्माणों पर जारी रहेगा अभियान : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में नियोजित और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। भवन निर्माण से संबंधित नियमों और स्वीकृत मानचित्र का पालन करना प्रत्येक निर्माणकर्ता की जिम्मेदारी है। बिना अनुमति निर्माण करने और आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भवन तैयार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की टीमें ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही हैं। शहर के व्यवस्थित विकास, नागरिक सुविधाओं और निर्माण संबंधी नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नियमों का पालन करने की अपील
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। निर्माणकर्ताओं को भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने और निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। बिना स्वीकृति निर्माण करने वालों के विरुद्ध सीलिंग सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से नियमों का पालन करने और देहरादून के सुनियोजित विकास में सहयोग करने की अपील की।
