उत्तराखंड

धोखाधड़ी के आरोपियों से पाई-पाई वसूलेगी सरकार: मनवीर चौहान

देहरादून। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को बेहुदा और तथ्यहीन करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार हर मामले में कठोर और पारदर्शी कार्रवाई कर रही है।

चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति स्पष्ट है— धोखाधड़ी करने वालों से पाई-पाई वसूली जाएगी और जनता के हितों की रक्षा होगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केवल दिखावटी चिंता जता रहे हैं, जबकि जनता को भाजपा की जीरो टॉलरेंस नीति पर पूरा भरोसा है।

पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों से बौखला गई है। “प्रदेश में तेज रफ्तार विकास, सुशासन और साहसिक फैसलों से जनता में आत्मविश्वास बढ़ा है। भाजपा सरकार के ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णयों ने उत्तराखंड की तस्वीर बदली है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता की तरक्की और प्रदेश की सकारात्मक छवि से असहज है। “विपक्ष रोज नए आरोप लगाता है, लेकिन किसी भी मामले में सबूत नहीं दे पाता। न ही अदालतों में जाने की हिम्मत दिखाता है। कांग्रेस पत्थर फेंककर भागने की राजनीति कर रही है,” चौहान ने कहा।

भ्रष्टाचार पर सरकार की सख्त नीति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “राज्य के इतिहास में सबसे अधिक और सबसे कठोर कार्रवाई मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल में हुई है। जो लोग ‘छोटी मछली पकड़ने’ की बात करते थे, वे आज बड़े-बड़े मगरमच्छों पर कार्रवाई होते देख चुप हैं।”

धोखाधड़ी के हालिया मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि “कांग्रेस केवल राजनीति कर रही है, जबकि धामी सरकार कार्रवाई कर रही है। कानून अपना काम कर रहा है, और दोषी कोई भी हो—छोटा या बड़ा, सरकारी या गैरसरकारी—उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने दोहराया कि सरकार जनता की पाई-पाई वसूलकर जनता को लौटाने के लिए प्रतिबद्ध है। “विपक्ष को चिंता करने की जरूरत नहीं है, जनता सरकार के साथ है,” चौहान ने कहा।

Related Articles

Back to top button