उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

प्रेमनगर में श्रीमद्देवीभागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

श्यामपुर में जयकारों से गूंजा वातावरण, आचार्य शिवप्रसाद ममगाईं ने देवीभागवत के महत्व पर डाला प्रकाश

प्रेमनगर/श्यामपुर, देहरादून 09 नवंबर । प्रेमनगर ज्वाल्पा मंदिर समिति, श्यामपुरम् के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्देवीभागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मां भगवती के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कलश यात्रा दुर्गा मंदिर श्यामपुर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग से होते हुए ज्वाल्पा मंदिर पहुंची। यात्रा में महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर चल रही थीं। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और ‘जय माता दी’ व ‘जय ज्वाल्पा मैया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।

ज्वाल्पा मंदिर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना, गणेश पूजन, नवग्रह पूजन एवं देवी आवाहन किया गया। इसके साथ ही श्रीमद्देवीभागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य शिवप्रसाद ममगाईं ने देवीभागवत के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद्देवीभागवत पराम्बा जगदम्बा की वाङ्मयी मूर्ति है। इस दिव्य ग्रंथ में महर्षि वेदव्यास वक्ता तथा महाराजा जन्मेजय मुख्य श्रोता हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और भक्ति के साथ देवीभागवत का श्रवण करने से मनुष्य के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य का संचार होता है।

आचार्य ममगाईं ने कहा कि देवीभागवत केवल कथा नहीं, बल्कि शक्ति की उपासना का दिव्य माध्यम है। इसमें मां भगवती के विभिन्न स्वरूपों, उनकी लीलाओं और सृष्टि के रहस्यों का वर्णन मिलता है। कलियुग में मां भगवती की आराधना मनुष्य को विपरीत परिस्थितियों में आध्यात्मिक शक्ति और संबल प्रदान करती है।

कार्यक्रम में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। ज्ञान यज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन आचार्य शिवप्रसाद ममगाईं द्वारा श्रीमद्देवीभागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। कथा के उपरांत प्रतिदिन आरती एवं प्रसाद वितरण भी होगा।

इस धार्मिक आयोजन में युद्धवीर सिंह बिष्ट, श्री गंगा सिंह बिष्ट, भरत सिंह बिष्ट, चित्रपाल बिष्ट, धर्मपाल बिष्ट, देवी सिंह बिष्ट, रघुवीर सिंह बिष्ट, विजयपाल सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, जमन सिंह बिष्ट, सरोप सिंह बिष्ट, रविंद्र सिंह बिष्ट, विनोद सिंह बिष्ट, मनीष सिंह बिष्ट, दलजीत सिंह बिष्ट, प्रमोद सिंह बिष्ट, नरेंद्र सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट एवं दिनेश सिंह बिष्ट सहित अनेक भक्तगण उपस्थित रहे।

मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में शामिल होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने और धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button