भगवान बिरसा संदेश यात्रा देहरादून पहुँची, परेड ग्राउंड में हुआ भव्य स्वागत

देहरादून 27 नवंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, विचार और संघर्षों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित “भगवान बिरसा संदेश यात्रा” आज देहरादून पहुँच गई। परेड ग्राउंड स्थित 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन स्थल ‘भगवान बिरसा मुंडा नगर’ में यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
यह संदेश यात्रा 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु (झारखंड) में प्रतिमा माल्यार्पण और रथ पूजन के साथ आरंभ हुई थी। यात्रा खूंटी, चक्रधरपुर, चाइबासा, सरायकेला, रांची, जमशेदपुर, गुमला, लोहारगड़ा, लातेहार, मोदिनीनगर, गढ़वा, दुद्धीनगर, रॉबर्ट्सगंज, वाराणसी, जौनपुर, कुशभवनपुर, रायबरेली, लखनऊ, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर जैसे प्रमुख शहरों से होते हुए देहरादून पहुँची, जहाँ हर स्थान पर इसका भव्य स्वागत किया गया।
अभाविप के अनुसार यह ऐतिहासिक यात्रा देशभर के युवाओं और समाज में जल, जंगल, जमीन की रक्षा, आत्मसम्मान, सामाजिक एकता तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का संदेश प्रसारित कर रही है। संगठन का मानना है कि यह पहल भारत के स्व-बोध, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय जागरण को नई दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

