
देहरादून 17 दिसंबर। उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, देहरादून के माननीय अध्यक्ष संजय नेगी की अध्यक्षता में आज 17 दिसंबर 2025 को आयोग कार्यालय में विभिन्न शिकायती प्रकरणों पर सुनवाई की गई। इस दौरान आयोग में प्राप्त जनशिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता इनाम अली (देहरादून), वासुदेव कुशवाहा (देहरादून),श्रीमती संतोष देवी,मनवीर सिंह, ईशम सिंह, कुंवर सिंह नेगी (टिहरी गढ़वाल), संजीव चौहान (देहरादून), श्रीमती नन्दिनी गुंसाई (टिहरी गढ़वाल), श्रीमती शहनाज (उधमसिंहनगर), देवेन्द्र कुमार सैनी (नैनीताल) तथा मुस्ताक आलम (देहरादून) सहित अन्य मामलों पर सुनवाई की गई। आयोग द्वारा सर्वप्रथम शिकायतकर्ताओं का पक्ष सुना गया।
15 दिवस में निस्तारण के निर्देश
इनाम अली, देहरादून के प्रकरण में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुल सचिव उपस्थित रहे। माननीय अध्यक्ष ने प्रकरण का निस्तारण 15 दिवस के भीतर करने के निर्देश दिए।
वासुदेव कुशवाहा के एसजीएचएस कटौती से संबंधित मामले में शिकायतकर्ता की आयु एवं वरिष्ठ नागरिक होने को देखते हुए आयोग ने उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण तथा कोषागार एवं वित्त सेवाएं विभाग के प्रतिनिधियों को संयुक्त बैठक कर प्राथमिकता के आधार पर 15 दिवस में प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग पर सख्त रुख
श्रीमती संतोष देवी के प्रकरण में शिक्षा विभाग, उधमसिंहनगर की ओर से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर माननीय अध्यक्ष ने जिला शिक्षा अधिकारी, उधमसिंहनगर को दूरभाष पर निर्देशित किया कि मामले में गंभीरता से कार्यवाही कर 15 दिवस के भीतर आयोग को अवगत कराएं। साथ ही आगामी सुनवाई में सक्षम एवं विषय विशेषज्ञ अधिकारी को ही नामित करने के निर्देश दिए गए।
कई मामलों का मौके पर निस्तारण
श्रीमती नन्दिनी गुंसाई, टिहरी गढ़वाल के प्रकरण में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा की गई समयबद्ध कार्यवाही पर आयोग ने संतोष व्यक्त किया। वहीं मुस्ताक आलम, देहरादून के मामले में संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए। श्रीमती शहनाज, उधमसिंहनगर एवं देवेन्द्र कुमार सैनी, नैनीताल के प्रकरणों का सुनवाई के दौरान ही निस्तारण कर दिया गया।
आयोग के सदस्य व अधिकारी रहे उपस्थित
सुनवाई के दौरान आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, सचिव गोरधन सिंह, सदस्यगण विनोद नाथ, सतीश पाल, महेन्द्र कुमार वर्मा, सज्जाद अहमद, राकेश उनियाल, प्रहलाद चौधरी, चमन लाल चौधरी सहित कार्मिक मोहित, श्री गोपाल एवं श्रीमती विजय लक्ष्मी आदि उपस्थित रहे।


