देहरादून 19 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को निर्देशक ऋषभ कोहली एवं प्रशांत उपाध्याय के निर्देशन में परिवर्तन पिक्चर के बैनर तले बनी डॉक्यूमेंट्री ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ उत्तराखंड के टीजर और पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ डॉक्यूमेंट्री में सामूहिक प्रयास और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत चित्रण किया गया
है। उन्होंने कहा कि सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन उत्तराखंड के इतिहास का एक प्रेरणादायक अध्याय बन चुका है, जिसमें सभी एजेंसियों, प्रशासन एवं स्थानीय लोगों ने अभूतपूर्व समन्वय के साथ कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लोग इस अभियान में अपनाई गई तकनीकी दक्षता के साथ-साथ राज्य के जज़्बे की झलक भी देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह फ़िल्म उत्तराखंड की ‘संकल्प और सेवा’ की भावना का प्रतीक है तथा युवा पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्मनिष्ठा का संदेश देगी।
डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक ऋषभ कोहली ने बताया कि यह फ़िल्म सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित है, जिसमें मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस ऐतिहासिक बचाव अभियान की कहानी को विस्तार से साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री न केवल तकनीकी चुनौतियों और मानवीय जुझारूपन को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखंड की जड़ों, भावनाओं और नेतृत्व की सच्ची तस्वीर भी प्रस्तुत करती है। फ़िल्म की शूटिंग उत्तराखंड में की गई है और इसे शीघ्र ही ओटीटी के एक बड़े प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड फ़िल्म विकास परिषद के सीईओ श्री बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार श्री अनुपम त्रिवेदी, उत्तराखंड वक़्फ़ बोर्ड के चेयरमैन श्री शादाब शम्स, फ़िल्म के निर्देशक ऋषभ कोहली, उनके पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री नीरज कोहली सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




