रूद्रपुर, 09 जनवरी 2026 ।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जनस्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए चिकित्सालयों में सभी आवश्यक सुविधाएं एवं औषधियां उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। यह निर्देश उन्होंने कैम्प कार्यालय में एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय काशीपुर की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक के दौरान दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि अस्पताल गेट के पास जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने उरेडा विभाग के माध्यम से चिकित्सालय परिसर में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्युत व्यय में कमी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बायो मेडिकल वेस्ट कहीं भी खुले में नजर नहीं आना चाहिए। इसके निस्तारण की प्रक्रिया नियमित और सुरक्षित तरीके से सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को बदलकर नए कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। चिकित्सालय में खराब एवं पुराने वाहनों की नीलामी कराने के भी निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए गए।
चिकित्सा प्रबंधन समिति द्वारा अस्पताल उपयोग हेतु दो कंप्यूटर, दो प्रिंटर, दो ऑल वेदर हॉट एवं कूल एसी लगाने तथा लेबर रूम को सीलन से बचाने के लिए वॉटरप्रूफिंग कराने की अनुमति प्रदान की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित उपस्थित रहे। वहीं उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े


