लोक भवन,देहरादून 22 जनवरी, 2026 ।राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से गुरुवार को लोक भवन, देहरादून में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), काशीपुर के निदेशक डॉ. नीरज द्विवेदी ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर डॉ. नीरज द्विवेदी ने आईआईएम काशीपुर द्वारा शैक्षणिक गुणवत्ता के उन्नयन, अनुसंधान गतिविधियों के विस्तार तथा उद्योग-शिक्षा सहयोग के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी राज्यपाल को दी। उन्होंने संस्थान में संचालित नवाचार आधारित कार्यक्रमों, स्टार्ट-अप समर्थन और कौशल विकास से जुड़ी पहलों पर भी प्रकाश डाला।
राज्यपाल ने कहा कि आईआईएम काशीपुर जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान राज्य के युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने शिक्षा को नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को समाज और उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप नेतृत्व विकसित करना चाहिए।
शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्य में उच्च शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।



