उत्तराखंडराज्य

सम्पूर्णता अभियान 2.0 का शुभारम्भ, 14 अप्रैल तक शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण का लक्ष्य

रूद्रपुर 28 जनवरी 2026 ।

नीति आयोग, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला सभागार में “सम्पूर्णता अभियान 2.0” का शुभारम्भ किया गया। अभियान के अंतर्गत आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकास खण्ड के चयनित संकेतांकों में 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जनपद हेतु 5 तथा आकांक्षी विकास खण्ड कार्यक्रम हेतु 6 संकेतांकों का चयन किया गया है, जिनमें शिक्षा एवं स्वास्थ्य/पोषण विभाग से संबंधित संकेतांक प्रमुख हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों व फील्ड कार्मिकों—आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों—से अभियान को सफल बनाने हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आईसीडीएस कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को नियमित पूरक पोषण आहार, सभी विद्यालयों में महिला शौचालय निर्माण, गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयासों से जनपद एवं विकास खण्ड को देश के अग्रणी जनपदों में शामिल किया जा सकता है।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने सभी का स्वागत करते हुए अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा एवं महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जनपद एवं विकास खण्ड चिन्हित कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने समन्वय से कार्य कर जनपद के सर्वांगीण विकास पर बल दिया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जीमल सहित बड़ी संख्या में आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button