उत्तराखंडराज्य

लंबित वादों के त्वरित निस्तारण व शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के निर्देश, लापरवाह संग्रह अमीन निलंबित

रूद्रपुर 28 जनवरी 2026 । जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में उप जिलाधिकारियों को नियमित न्यायालय लगाकर लंबित वादों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बड़े बकायेदारों से कड़ाई से वसूली की जाए। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने वाले संग्रह अमीनों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा बेहतर कार्य करने वाले संग्रह अमीनों को सम्मानित किया जाए। बैठक में बिना उच्चाधिकारियों को सूचित किए लंबे समय से अनुपस्थित रहने एवं कम राजस्व वसूली के आरोप में संग्रह अमीन गदरपुर सुरज सिंह बिष्ट को निलंबित करते हुए तहसील काशीपुर से संबद्ध किया गया, जबकि संग्रह अमीन कमला जोशी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई।
जिलाधिकारी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को जनपद की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा अभियोजन पक्ष को न्यायालयों में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके। उन्होंने 13 पॉक्सो मामलों में से 12 मामलों में बरी होने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अभियोजन पक्ष से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश अपर जिलाधिकारी को दिए तथा पॉक्सो मामलों की विवेचना में रही कमियों की चेकलिस्ट तैयार कर भविष्य में सुधार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने, पुलिस व अभियोजन विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा आवश्यकता पड़ने पर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान उन्होंने आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब व अवैध मदिरा बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु नियमित छापेमारी के निर्देश दिए। साथ ही अवैध खनन एवं भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश उप जिलाधिकारियों व खनन अधिकारी को दिए। उन्होंने नदियों में आवश्यकतानुसार रिवर ड्रेजिंग के लिए स्थान चिन्हित कर वर्षाकाल से पूर्व कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार गुणवत्तायुक्त एवं समय से राशन वितरण तथा राशन कार्डों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोग, रिट याचिका, ऑडिट आपत्तियों एवं पेंशन प्रकरणों से संबंधित रिपोर्ट समय सीमा के भीतर भेजने तथा शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण कर शिकायतकर्ता से स्वयं संवाद करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों एवं अन्य प्रदेशों के टुक-टुक नंबरों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डॉ. अमृता शर्मा, ऋचा सिंह, तुषार सैनी, रविन्द्र जुआठा, गौरव पाण्डेय, संयुक्त निदेशक अभियोजन पी.एस. जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, बरीत सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, पूजा नयाल, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी सहित तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button