उत्तराखंडराज्य

सड़क सुरक्षा पर जिला प्रशासन सख्त, ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड के खिलाफ अभियान के निर्देश

स्कूल टाइम में भारी व खनन वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध, तय रूट से ही चलेंगे वाहन

रूद्रपुर,10 फरवरी 2026 । सड़क सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को ओवरलोडिंग एवं भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण लगाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, एआरटीओ एवं सड़क महकमे के अधिकारी दो दिवस के भीतर भारी एवं खनन वाहनों के लिए रूट निर्धारित कर उनके अनुसार संचालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रातः स्कूल जाने के समय एवं छुट्टी के समय शहरों एवं कस्बों में भारी व खनन वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय व रूट के विपरीत चलने वाले वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि स्टोन क्रशरों से ओवरलोड खनिज वाहन निकलते पाए जाते हैं, तो संबंधित क्रशर संचालकों की जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी क्रशर संचालक निर्धारित खनिज भार के अनुरूप ही वाहनों की निकासी सुनिश्चित करें।
खनन क्षेत्रों में भी ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए आवश्यकतानुसार प्रतिबंध लगाए जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खनिज ढोने वाले सभी वाहनों को ढककर चलाया जाए, ताकि सड़क पर रेता, बजरी न गिरे और दुर्घटनाओं की संभावना न बने। साथ ही मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वालों की सघन जांच के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आज से ही ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीड के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने भारी वाहनों के लिए निर्धारित रूट के अनुसार शहरों, कस्बों एवं हाईवे से जुड़ने वाले मार्गों पर बैरियर लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (एक्सीडेंट जोन) को चिन्हित करने तथा सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को नगर निकायों के माध्यम से शेल्टर में भेजने के भी निर्देश दिए।
बैठक में पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोनिवि अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेन्द्र सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अधिशासी अभियंता लोनिवि एवं थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Related Articles

Back to top button