
देहरादून 01 मार्च 2026 । 

लोक भवन, देहरादून में आयोजित तीन दिवसीय वसंतोत्सव–2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। वसंतोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पों के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विविध प्रतियोगिताओं का आनंद लिया। इस वर्ष की चल वैजयंती (रनिंग ट्रॉफी) आईआईटी रुड़की ने सर्वाधिक 13 श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर अपने नाम की, जबकि 4 श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त कर ओएनजीसी दूसरे स्थान पर रहा।
वसंतोत्सव में कुल 15 श्रेणियों की 54 उप-श्रेणियों में 161 पुरस्कार वितरित किए गए। पुष्प प्रदर्शनी, रंगोली, बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता, फोटो प्रतियोगिता सहित विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया गया।
वसंतोत्सव–2026 में इस वर्ष पहली बार गवर्नर्स अवॉर्ड की शुरुआत की गई। उत्कृष्ट कृषकों की श्रेणी में बागेश्वर के दीपक गडिया को प्रथम, रुद्रप्रयाग के कपिल शर्मा को द्वितीय तथा पिथौरागढ़ के शुभम सिंह को तृतीय स्थान मिला। महिला कृषकों की श्रेणी में चंपावत की राधा राणा प्रथम, अल्मोड़ा की कविता मेहरा द्वितीय और पौड़ी गढ़वाल की शांति जुयाल तृतीय रहीं। वहीं स्टार्टअप के माध्यम से नवाचार कर रहे युवा कृषकों की श्रेणी में टिहरी के देवेंद्र सिंह चौहान प्रथम, नैनीताल के पंकज मेहता द्वितीय और हरिद्वार के उज्ज्वल सैनी तृतीय स्थान पर रहे।
समापन समारोह में आईएमए एवं आईटीबीपी के पाइप बैंड की मधुर धुनों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया, जिसका उपस्थित दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि तीन दिनों में लोक भवन में लगभग साढ़े तीन लाख लोगों के चेहरों पर दिखाई दी प्रसन्नता और संतोष ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि वसंतोत्सव की मूल भावना फूलों के माध्यम से सकारात्मकता, संतुलन और रचनात्मकता का संचार करना रही। उन्होंने ‘रिद्मिक योगा’, दिव्यांग बच्चों की योग प्रस्तुतियों, वुशु प्रदर्शन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की और महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वसंतोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक संपदा, कृषि शक्ति और उभरती हरित अर्थव्यवस्था का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग 656 हेक्टेयर क्षेत्र में व्यावसायिक पुष्प खेती की जा रही है, जो कम लागत में अधिक आय का सशक्त माध्यम बन रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा नई सेब नीति, कीवी नीति, स्टेट मिलेट मिशन और ड्रैगन फ्रूट नीति लागू की गई है, जिनके तहत 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।
कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, विधायक सविता कपूर, प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, सचिव उद्यान एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, निदेशक उद्यान एस.एल. सेमवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



