
देहरादून 11 मार्च 2026। जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर भवन सभागार, सर्वे चौक देहरादून में जिला स्तर पर “प्लम्बर सम्मान समारोह” का आयोजन जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के तत्वाधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी एवं उपाध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन अभिनव शाह ने किया।
सम्मान समारोह के दौरान उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान में पेयजल योजनाओं के संचालन व रख-रखाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटरों और फीटर्स को टूल किट भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अपने संबोधन में कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रथम पंक्ति के कार्यकर्ता—प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटरों और फीटर्स—पेयजल योजनाओं के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके कुशल रख-रखाव के कारण लोगों को घरों में नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे जल जनित बीमारियों में कमी आई है तथा शिशु मृत्यु दर में भी गिरावट दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह केवल जनपद स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनपद के सभी छह विकासखण्डों में भी इसका आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और समाज के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण, संवर्द्धन और पेयजल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियन्ता कंचन रावत, अधिशासी अभियन्ता सचिन सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के कार्मिक, उत्तराखण्ड पेयजल निगम एवं उत्तराखण्ड जल संस्थान की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स उपस्थित रहे।



