उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

चैत्र नवरात्रि में 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प पूर्ण, भक्ति-शक्ति की नौ दिवसीय यात्रा सम्पन्न

देहरादून, 26 मार्च 2026। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित भक्ति, शक्ति एवं आत्मविश्वास की नौ दिवसीय यात्रा का सफल समापन अष्टमी एवं नवमी पूजन के साथ हुआ। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुल 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प पूर्ण किया गया।
19 मार्च को माँ शैलपुत्री की आराधना के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात देहरादून कैंट क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में प्रतिदिन कन्या पूजन एवं धार्मिक आयोजन किए गए। कार्यक्रमों में सामाजिक संस्थाओं, समितियों, प्रबुद्धजनों, मंदिरों एवं गुरुद्वारों के प्रतिनिधियों का भी सहयोग प्राप्त हुआ।
कन्या पूजन के दौरान कन्याओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर उनके चरण प्रक्षालन, तिलक, मौली बंधन, चुनरी ओढ़ाकर भेंट सामग्री एवं दक्षिणा प्रदान की गई। आरती एवं पुष्पवर्षा के साथ श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम सम्पन्न किए गए।
इस नौ दिवसीय यात्रा के अंतर्गत आयोजित एक प्रमुख कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में 1100 कन्याओं का पूजन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और संस्कारों के माध्यम से शक्ति उपासना का महापर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को साक्षात देवी स्वरूप माना गया है और जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने समाज से प्रत्येक बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने ऐसे आयोजनों को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला बताया।
कार्यक्रम के संयोजक सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि शक्ति, भक्ति और आत्मविश्वास की उपासना का एक भाव है, जिसे वे पिछले कई वर्षों से मां भगवती की कृपा से निरंतर करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प मां भगवती के आशीर्वाद से ही पूर्ण हो सका।
नवरात्रि के नौ दिनों में माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री—की आराधना कर समाज में शक्ति, संयम, साहस और सद्भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button