
देहरादून, 30 मार्च 2026। 

हरिद्वार रोड स्थित ऑर्चिड बैंक्वेट हॉल में रायपुर विधानसभा की ओर से “विधानसभा सम्मेलन–2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं और अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में चहुंमुखी और संतुलित विकास हो रहा है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ऐतिहासिक निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार ने पेयजल, परिवहन, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिससे प्रदेश को नई गति मिली है। जी-20 जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से भी उत्तराखंड को वैश्विक पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता जैसे निर्णयों से महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया गया है और सीमांत गांवों तक विकास पहुंचाया गया है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने भाजपा की विचारधारा “राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम” को दोहराते हुए कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि रायपुर विधानसभा संगठनात्मक रूप से लगातार मजबूत हो रही है और यहां का हर कार्यकर्ता संगठन को सर्वोपरि मानकर कार्य कर रहा है।
वहीं रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रायपुर विधानसभा में चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा समय-समय पर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कर विकास कार्यों को गति दी गई है।
कार्यक्रम में दर्जाधारी मंत्री श्रीमती विनोद उनियाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, रायपुर विधानसभा के मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



