उत्तराखंडराज्य

नैनीताल दौरे पर सीएम धामी: विकास, कानून व्यवस्था और युवाओं के सशक्तिकरण पर फोकस, भीमताल में कई बड़ी घोषणाएं

नैनीताल/भीमताल 11 अप्रैल । पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जनपद के दौरे के दौरान विकास कार्यों, आगामी यात्रा सीजन और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और अब तक कई अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने वनाग्नि की घटनाओं पर भी गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य प्रतिभाशाली और संकल्पवान युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही दिशा देने की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। राज्य सरकार भी नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ और मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के माध्यम से नवाचार और शोध को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने भीमताल में उप-तहसील बनाए जाने की घोषणा की, ओखलकाण्डा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय स्थापित करने, विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाने की बात कही।
इसके अलावा रामगढ़, धारी व ओखलकाण्डा में किसानों के लिए मंडी निर्माण, लेटीबुंगा व सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज, ककोड़ व दाड़िम में मिनी स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने बिड़ला इंस्टीट्यूट में ड्रोन लैब, कंप्यूटर विभाग के उन्नयन और ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु 50-50 लाख रुपये की धनराशि देने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है और पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button