उत्तराखंडविविध

उत्तराखण्ड मंडियों में खुलेंगे रिटेलर काउंटर, सस्ते दामों पर मिलेंगी फल-सब्जियां

रूद्रपुर,15 अप्रैल 2026– उत्तराखण्ड मण्डी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने विपणन बोर्ड के अधिकारियों एवं मंडी सचिवों के साथ मंडी निदेशालय में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में आम जनता को फल, सब्जी एवं आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने और महंगाई से राहत देने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश की प्रत्येक मंडी समिति में 5-5 बड़े रिटेलर काउंटर खोले जाएंगे, जिनके माध्यम से आम उपभोक्ताओं को सस्ते और उचित दरों पर फल, सब्जियां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अध्यक्ष ने सभी मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन 3 सदस्यीय सचल दल का गठन कर बाजार का निरीक्षण करें और फल-सब्जियों के खुदरा दामों का दैनिक आकलन कर बोर्ड मुख्यालय को रिपोर्ट भेजें। साथ ही, क्षेत्र के प्रत्येक खुदरा व्यापारी को लाइसेंस जारी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की महंगाई का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त, मोबाइल वैन के माध्यम से भी सस्ती दरों पर सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के जनहितकारी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यदि कोई व्यापारी महंगे दामों पर सामग्री बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सचिव हेमंत वर्मा, निर्मला बिष्ट, वित्त नियंत्रक जुबक मोहन सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी मंडी सचिव वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Related Articles

Back to top button