उत्तराखंडविविध

अलकनंदा में आई बाढ़ में हुई शिव मूर्ति जलमग्न,सभी घाट पानी में समाए

चमोली 06 जुलाई। जिले में रविवार रात से सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश से अलकनंदा नदी विकराल रूप धारण करते हुए तेज बहाव के साथ वार्निंग लेवल के करीब पहुंच गई है। नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने नदी किनारे बसे क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है, जबकि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इतना ही नही बढे जलस्तर के कारण शिव प्रतिमा अलकनंदा में जलमग्न हो गई है।

अलकनंदा में डूबी शिव प्रतिमा अलकनंदा के बढ़ते जलस्तर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नदी तट से करीब 20 से 25 मीटर दूर स्थापित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा पूरी तरह जलमग्न हो गई है। नदी अपने सामान्य बहाव क्षेत्र से कई मीटर बाहर फैल चुकी है और चारों ओर पानी का विशाल सैलाब दिखाई दे रहा है। प्रतिमा का जलमग्न होना नदी के रौद्र स्वरूप का प्रत्यक्ष प्रमाण बन गया है। लगातार बढे रहे जलस्तर के कारण नदी किनारे स्थित सभी घाट पानी में समा चुके हैं। घाटों तक जाने वाले संपर्क मार्ग भी जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। प्रशासन ने एहतियातन नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी है। पुलिस तथा संबंधित विभागों की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। अलकनंदा का बढ़ता जलस्तर अब रुद्रप्रयाग शहर के बेलनी क्षेत्र के लिए भी चिंता का कारण बन गया है। प्रशासन संभावित खतरे को देखते हुए हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने स्थानीय नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग रात के समय नदी के जलस्तर पर नजर बनाए रखें। अनावश्यक रूप से नदी किनारे न जाएं। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष को दें। इस मामले में व्यापार संघ अध्यक्ष महेंद्र सेमवाल ने बताया कि रविवार रात हुई भारी बारिश के कारण त्रियुगीनारायण मोटरमार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। उन्होंने प्रशासन से मार्ग को शीघ्र सुचारु कराने की मांग की है ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।इधर, लगातार बारिश का असर विजयनगर-तैला मोटरमार्ग पर भी देखने को मिला। गंगानगर के समीप सड़क का एक हिस्सा ध्वस्त होने से यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो गई है तथा लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की टीमें क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने के प्रयास में जुटी हैं। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें।

Related Articles

Back to top button