Breaking Newsउत्तराखंड
देहरादून में रेड अलर्ट: भारी बारिश के चलते 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून,9 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) एवं नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई 2026 को जनपद देहरादून में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को एक दिवस का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।

