पिथौरागढ़,12 अगस्त 2026 । सशस्त्र सीमा बल नई दिल्ली के तत्वाधान में(एसएसबी) की 55वीं वाहिनी, पिथौरागढ़ के द्वारा अंतर सीमांत मुख्यालय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन जनपद पिथौरागढ़ में 19 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
एसएसबी द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रतियोगिता में सशस्त्र सीमा बल के विभिन्न सीमांत मुख्यालयों एवं वाहिनियों/इकाइयों से चयनित एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य सशस्त्र सीमा बल के कार्मिकों एवं खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, आपसी सौहार्द, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
अंतर सीमांत मुख्यालय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता के आयोजन से पिथौरागढ़ में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही सशस्त्र सीमा बल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध होगा।



