उत्तराखंडस्वास्थ्य

आयुष सेतु पोर्टल का शुभारंभ, उत्तराखंड में आयुष विभाग ने डिजिटल युग में रखा कदम

देहरादून, 22 अगस्त 2026। उत्तराखंड में आयुष सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में आज महत्वपूर्ण पहल की गई। आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री श्री मदन कौशिक ने निदेशालय आयुर्वेद एवं यूनानी सेवाएं, देहरादून परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ‘आयुष सेतु पोर्टल’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव श्रीमती रंजना राजगुरु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में निदेशक आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, निदेशक होम्योपैथिक सेवाएं, राज्य औषधि अनुज्ञापन अधिकारी डॉ. मिथिलेश, भारतीय चिकित्सा परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. जे.एन. नौटियाल सहित शासन-प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयुष सेतु पोर्टल के शुभारंभ के साथ ही उत्तराखंड का आयुष विभाग डिजिटल व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। योग नीति-2025, आयुष नीति-2023 एवं वेलनेस नीति के अंतर्गत विभिन्न प्रोत्साहन, प्रतिपूर्ति, अनुदान वितरण एवं पंजीकरण संबंधी सुविधाएं अब इस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।
पोर्टल की प्रमुख सुविधाओं में पंजीकरण एवं प्रमाणीकरण, योग नीति के अंतर्गत प्रोत्साहन, प्रतिपूर्ति एवं अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन, अनुदान वितरण तथा वेलनेस सेंटरों की स्टार रेटिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इससे आयुष क्षेत्र से जुड़े संस्थानों, उद्यमियों एवं इच्छुक लोगों को विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और सेवाओं में पारदर्शिता एवं गति आएगी।
विभाग की ओर से इच्छुक लोगों से आयुष सेतु पोर्टल से जुड़ने की अपील की गई है। इसके लिए www.ayushwellness.uk.gov.in पर लॉगिन कर पोर्टल की सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है।
आयुष सेतु पोर्टल को उत्तराखंड में आयुष सेवाओं, योग एवं वेलनेस क्षेत्र को तकनीक से जोड़ने और प्रदेश में आयुष आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button