पिथौरागढ़,7 अक्तूबर 2026 ।जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना एवं राज्य योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत एवं अवमुक्त धनराशि तथा उसके सापेक्ष किए गए व्यय की विभागवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो। जिन योजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध है, उनमें निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराते हुए शत-प्रतिशत धनराशि का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला योजना एवं राज्य योजना के माध्यम से संचालित विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजन प्रसाद ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को जिला योजना के अंतर्गत ₹7173.70 लाख की धनराशि स्वीकृत एवं शासन स्तर से अवमुक्त की गई है। इसके सापेक्ष जिला स्तर से ₹5326.71 लाख की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है तथा इसके सापेक्ष ₹2634.00 लाख का व्यय किया जा चुका है। जिला स्तर से अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष व्यय की प्रगति 49.45 प्रतिशत है।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


