Breaking Newsउत्तराखंडराज्य

राज्यपाल गुरमीत सिंह से मिले डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति

सफल कार्यकाल के लिए दी बधाई, उत्तराखण्ड में राज्यपाल के योगदान और जनसेवा के प्रयासों की सराहना

देहरादून, 15 अक्टूबर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से गुरुवार को लोक भवन में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों और अन्य लोगों ने भेंट की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह, डीजी इंटेलिजेंस अभिनव कुमार, श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा तथा उत्तराखण्ड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स सहित अनेक लोगों ने राज्यपाल से मुलाकात की।
इस अवसर पर सभी ने राज्यपाल गुरमीत सिंह को उनके सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी। साथ ही उत्तराखण्ड में उनके मार्गदर्शन, योगदान और जनसेवा के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
राज्यपाल ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके लिए गौरव और सौभाग्य का विषय रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के लोगों से मिले स्नेह, विश्वास और सहयोग को वह अपने कार्यकाल की अनमोल उपलब्धि मानते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि विगत पांच वर्षों के दौरान प्रदेश के विकास, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को प्रोत्साहित करने, पूर्व सैनिकों के सम्मान और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्य करने के अनेक अवसर प्राप्त हुए। इन सभी प्रयासों में प्रदेश सरकार, प्रशासन, विभिन्न संस्थानों और आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत, वीर सैनिकों की गौरवशाली परंपरा और यहां के लोगों का अपनत्व सदैव उनकी स्मृतियों में बना रहेगा। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से मिले स्नेह और सहयोग को अपने कार्यकाल की महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button