23 अक्टूबर से सजेगी विरासत महोत्सव की महफिल, 6 नवंबर तक होंगे सांस्कृतिक आयोजन
हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में पहली बार होगा आयोजन, ऊषा उत्थुप, बेगम परवीन सुल्ताना और इंडियन ओशन समेत कई नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति
देहरादून,21 अक्टूबर।
रिच संस्था की ओर से आयोजित 15 दिवसीय ‘विरासत आर्ट एंड हेरिटेज फेस्टिवल-2026’ का शुभारंभ 23 अक्टूबर से होगा। इस बार महोत्सव नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित किया जाएगा। छह नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के कलाकार संगीत, नृत्य, लोककला, साहित्य और रंगमंच की प्रस्तुतियां देंगे।
बुधवार को पत्रकार वार्ता में संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि इस बार महोत्सव को और भव्य स्वरूप दिया गया है। नए आयोजन स्थल पर ऑडिटोरियम में 29 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही थिएटर फेस्टिवल भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य विरासत महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
महोत्सव का शुभारंभ छोलिया नृत्य और उप्रेती बहनों की लोक संगीत प्रस्तुति से होगा। उद्घाटन समारोह में पंडित साजन मिश्रा और स्वरांश मिश्रा शास्त्रीय संगीत प्रस्तुत करेंगे। छह नवंबर को प्रसिद्ध गायिका ऊषा उत्थुप की प्रस्तुति के साथ महोत्सव का समापन होगा।
कार्यक्रम में बेगम परवीन सुल्ताना, टीएम कृष्णा, डॉ. एन. राजम, ओसमान मीर, महेश काले, राहुल देशपांडे, जसबीर जस्सी और इंडियन ओशन सहित कई प्रतिष्ठित कलाकार शामिल होंगे। कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, लोकनृत्य और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण रहेंगी। श्रीलंका और कजाकिस्तान के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव में साहित्यिक सत्र, मुशायरा, कवि सम्मेलन, दास्तानगोई और लोक नाट्य ‘चक्रव्यूह’ का आयोजन होगा। स्कूली विद्यार्थियों के लिए हेरिटेज क्विज, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां और हस्तशिल्प से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विंटेज कार एवं मोटरसाइकिल रैली और सुपरबाइक रैली भी आकर्षण रहेंगी।
दर्शकों के लिए पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प, लकड़ी की नक्काशी, धातु शिल्प, सूखे मेवे और अन्य उत्पादों की खरीदारी का अवसर भी रहेगा।
पत्रकार वार्ता में रिच संस्था की संयुक्त सचिव विजयश्री जोशी, महोत्सव निदेशक लोकेश ओहरी, प्रियंदा अय्यर, संस्था के सदस्य आशुतोष, वन विभाग से समीर सिन्हा और ओएनजीसी के हेड एचआर नीरज शर्मा मौजूद रहे।



