देहरादून, 30 नवंबर। 
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार से गोरखपुर के श्री श्रीकृष्ण पांडेय को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री पांडेय ने बाल भिक्षावृत्ति निर्मूलन, निस्सहाय मनोरोगियों की सेवा तथा कारागार बंदियों के पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में सेवा कार्य कर समाज के प्रति अनुकरणीय उत्तरदायित्व का परिचय दिया है।
एबीवीपी के देशभर से आए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहे हैं, और वहीं से उन्हें नेतृत्व, संगठन व समाज सेवा की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में समर्पित युवाओं का महासंगम है।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस मंच से निकलने वाले संकल्प और विचार देश के विकास में मील का पत्थर सिद्ध होंगे। उन्होंने बताया कि 1949 में स्थापित एबीवीपी पिछले 77 वर्षों से व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है और सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं वैचारिक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन की अग्रणी शक्ति के रूप में उभरी है।
उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसके परिश्रम और संकल्प से सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया एवं नई शिक्षा नीति जैसे कार्यक्रमों द्वारा युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




