Breaking Newsउत्तराखंड

सूचना महानिदेशक ने DIOs की बैठक में दिए निर्देश — जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर जोर

देहरादून 01 दिसम्बर।

सूचना निदेशालय में प्रदेश के जिला सूचना अधिकारियों (DIOs) की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने की। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के लिए पेशेवर दक्षता के साथ प्रभावी संचार रणनीति बनाने के निर्देश दिए।

महानिदेशक तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सूचना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वित रूप से कार्य करें तथा सुनिश्चित करें कि योजनाओं से सम्बंधित सूचनाएं स्पष्ट, सटीक और समय पर जनता तक पहुंचे।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से सरकारी उपलब्धियों और कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने पर जोर देते हुए ‘Success Stories’ और रोचक लेखों के नियमित प्रकाशन के निर्देश दिए।

जिला सूचना कार्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए महानिदेशक ने कहा कि जिला स्तर पर मीडिया से समन्वय को और मजबूत किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यक्रमों एवं जनहितकारी गतिविधियों की समयबद्ध कवरेज अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। आपदा सहित महत्वपूर्ण घटनाओं की कवरेज के लिए SOP तैयार करने को भी कहा गया।

उन्होंने Press Sewa Portal तथा फिल्म शूटिंग अनुमति हेतु Single Window System से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

नए दौर की संचार आवश्यकताओं को देखते हुए विभाग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ विभागीय सशक्तिकरण के प्रयासों पर भी उन्होंने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभागीय पुनर्गठन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है तथा रिक्त पदों को भरने के लिए अधियाचन भेज दिया गया है।

महानिदेशक तिवारी ने जिला सूचना कार्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि शासकीय कार्यों की गति बनाए रखने के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही जिला सूचना कार्यालयों के भवन निर्माण हेतु भूमि तलाशने के निर्देश भी दिए।

बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह, उप निदेशक रवि बिजारनिया, मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न जनपदों के जिला सूचना अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Related Articles

Back to top button