उत्तराखंडराज्य

मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

देहरादून, 19 दिसम्बर। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों की नई एवं गतिमान परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की तथा कई परियोजनाओं में हो रही धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

मुख्य सचिव ने वर्ष 2022-23 में स्वीकृत पिथौरागढ़–बागेश्वर एनएच-309ए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण प्रस्ताव को अब तक भारत सरकार को न भेजे जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। वहीं मार्च 2024 में स्वीकृत काठगोदाम–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के लिए वन एवं वन्यजीव स्वीकृतियों हेतु डेटा अपलोड में लापरवाही पर अधिशासी अभियंता को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं की विभिन्न स्तरों पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में लंबित परियोजनाओं की समीक्षा बैठकें नियमित रूप से आयोजित किए जाने तथा सभी विभागों द्वारा अपनी समस्याओं और मुद्दों को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने पर जोर दिया।

उन्होंने विभिन्न सड़कों से संबंधित भूमि अधिग्रहण की 3(जी) एवं 3(डी) की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण कार्यों में पेड़ कटान हेतु छपान एवं कटान की प्रक्रिया में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 दिसम्बर तक कार्यवाही प्रारंभ किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए परियोजनाओं का नियमित फॉलोअप करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने गतिमान परियोजनाओं में भी तेजी लाने के निर्देश देते हुए एनएचएआई की कोटद्वार बाईपास, झाझरा–आशारोड़ी, हरिद्वार–नजीबाबाद तथा देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेस-वे की प्रगति की जानकारी ली और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री सी. रवि शंकर, अपर सचिव श्री विनीत कुमार, पीसीसीएफ श्री एस.पी. सुबुद्धि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button