उत्तराखंडविविध

मुख्यमंत्री ने स्व इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी

देहरादून 24 दिसंबर | मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के गांधी के नाम से विख्यात महान राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय श्री इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री बडोनी के उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में दिए गए अमूल्य योगदान को भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि श्री इंद्रमणि बडोनी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन को न केवल दिशा दी, बल्कि जनशक्ति को संगठित कर आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि श्री बडोनी के विचार, संकल्प और राज्यहित के प्रति निस्वार्थ सेवा भाव आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से श्री इंद्रमणि बडोनी के आदर्शों को आत्मसात करने और राज्य के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button