रूद्रपुर, 06 जनवरी 2026 ।
नए वर्ष के प्रथम मंगलवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील रूद्रपुर का तहसील दिवस जिला सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को शांति मन, संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुनते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समस्या जिस स्तर की है, उसका समाधान उसी स्तर पर किया जाए ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से नई ऊर्जा और समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत जनता के द्वार पर शिविर आयोजित कर मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। ऐसे में सभी अधिकारियों को इन शिविरों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने एवं अपने विभागीय योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में आधार कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत एवं भूमि से संबंधित कुल 10 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। ग्राम बागवाला दानपुर निवासी रीना, बिंद्रा एवं मनप्रीत के आधार कार्ड संशोधन एवं मोबाइल नंबर लिंक करने की समस्या का तत्काल समाधान किया गया।
वकील अहमद ने अपनी मानसिक रूप से दिव्यांग पुत्री को दिव्यांग पेंशन दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल प्रपत्र पूर्ण कराकर पेंशन से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में रीना द्वारा बीपीएल राशन कार्ड जारी करने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी को ग्राम पंचायत में खुली बैठक कर पात्रता की जांच करते हुए राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में विशेष अभियान चलाकर राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड का सत्यापन किया जाए तथा अपात्र व बाहरी व्यक्तियों के कार्ड निरस्त किए जाएं, जिससे वास्तविक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
मधुसूदन सरकार द्वारा सिंचाई नहर पर अतिक्रमण हटाने तथा ग्राम मलसा निवासी राजकुमार द्वारा भूमि चिन्हांकन कराने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार को 15 दिन के भीतर जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, उप जिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके सिन्हा, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




