उत्तराखंडराज्य

आवारा पशुओं पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक

देहरादून 08 जनवरी, 2026 । मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा आवारा पशुओं के संबंध में दिए गए निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों से आवारा कुत्तों एवं गौवंश को हटाने के लिए न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को क्षेत्रवार नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर एवं काशीपुर जैसे बड़े शहरों में आवारा कुत्तों के संबंध में न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा कुत्तों एवं गौवंश को लेकर की जा रही कार्रवाई की जानकारी लेते हुए कहा कि क्रिटिकल स्थानों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही आवारा गौवंशों के संरक्षण के लिए कांजीहाउस तैयार करने एवं उनके समुचित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने सचिव परिवहन को निर्देश दिए कि सभी बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों एवं उनके आसपास स्थानीय निकायों के सहयोग से आवारा पशुओं एवं गौवंश के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आमजन को इन पशुओं को गोद लेने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता कार्यक्रम चलाने की बात कही। साथ ही पालतू पशु रखने वालों के लिए “क्या करें, क्या न करें” संबंधी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव श्री नितेश कुमार झा, डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव श्री विनीत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button