देहरादून 15 जनवरी 2026 । मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विभिन्न अवसरों पर शिलान्यास की गई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों से जुड़ी परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं लेकिन अभी तक उनका लोकार्पण नहीं हुआ है, उनका शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को इन परियोजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि गतिमान परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विभाग प्रो-एक्टिव होकर कार्य करें। एक से अधिक विभागों से जुड़ी परियोजनाओं के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि आपसी समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान कर कार्य पूर्ण किया जाए।
मुख्य सचिव ने नियोजन विभाग को भी प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एमडी यूजेवीएनएल को लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना के कार्यों में तेजी लाने हेतु केंद्रीय जल आयोग को शीघ्र डिजाइन एवं शेड्यूल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न विभागों की कुल 22,015.76 करोड़ रुपये की लागत से 91 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया था। इनमें से 18 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जिनमें से 6 का लोकार्पण हो चुका है तथा 12 परियोजनाओं का लोकार्पण अभी शेष है। शेष 73 परियोजनाओं पर कार्य विभिन्न स्तरों पर प्रगति पर है, जिनमें से अधिकांश परियोजनाओं के मार्च 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित कुमार सिन्हा, सचिव श्री नीतेश कुमार झा, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, श्री युगल किशोर पंत, अपर सचिव श्री विनीत कुमार एवं श्री नवनीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



