सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण की जांच तेज, SIT ने शुरू की विवेचना
देहरादून, 16 जनवरी 2026। सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण में गठित विशेष अन्वेषण दल (SIT) ने जनपद उधमसिंहनगर के थाना ITI पहुंचकर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है। SIT द्वारा केस डायरी एवं अन्य अभिलेखों का परीक्षण करते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
SIT टीम ने थाना काठगोदाम से मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन तथा अन्य अभिलेखीय साक्ष्यों का अवलोकन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही मृतक के मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त फायर आर्म को फॉरेंसिक परीक्षण हेतु एफएसएल भेजा जा रहा है।
SIT की तकनीकी टीम द्वारा मृतक द्वारा भेजे गए ई-मेल का भी विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि उक्त ई-मेल में मृतक ने विभिन्न स्थानीय लोगों एवं पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।
बताया गया है कि आयुक्त कुमाऊं मंडल द्वारा की जा रही मजिस्ट्रेट जांच के अतिरिक्त, इस प्रकरण से संबंधित सभी अभियोगों की विवेचनात्मक कार्यवाही IG STF की अध्यक्षता में गठित SIT द्वारा ही की जाएगी।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि SIT द्वारा प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन परीक्षण किया जा रहा है, ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


