उत्तराखंडविविध

एस.जी.आर.आर. पब्लिक स्कूल में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित

देहरादून, 16 जनवरी 2026।

शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी सविन बंसल एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), देहरादून के तत्वावधान में एस.जी.आर.आर. पब्लिक स्कूल, पटेल नगर में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकगणों सहित कुल 600 लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण, आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया विकसित करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान DDMA देहरादून के मास्टर ट्रेनर राजू शाही एवं मोहित सिंह तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) से इंस्पेक्टर दीपक कठैत, विक्रम, संदीप, संजय एवं सतपाल द्वारा प्रतिभागियों को भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, युद्ध, आतंकवाद सहित विभिन्न आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही प्राथमिक उपचार, आपातकालीन दूरभाष नंबरों, भूदेव ऐप, सैटेलाइट फोन के उपयोग तथा आपदा प्रबंधन में प्रयुक्त विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली के बारे में सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या कविता सिंह ने इस अवसर पर विद्यालयों में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आज के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में आपदा के प्रति सजगता एवं आत्मरक्षा की क्षमता का विकास हुआ है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Back to top button