देहरादून 25 जनवरी 2026।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित “आवाज़ सुनो पहाड़ों की – फिल्म फेस्टिवल 2026” में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह के सौंदर्यीकरण की घोषणा करते हुए “आवाज़ सुनो पहाड़ों की – सीजन 2” का विधिवत शुभारंभ किया तथा “श्रद्धा सम्मान” पुस्तिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन मात्र एक फिल्म फेस्टिवल नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, लोकभाषा और पर्वतीय संवेदनाओं को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने की एक सशक्त पहल है। ऐसे आयोजनों से राज्य की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों और रचनाकारों को भी नई पहचान मिल रही है।
नई फिल्म नीति से फिल्मकारों को मिल रही बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की नई फिल्म नीति के अंतर्गत फिल्मों को 3 करोड़ रुपये तक तथा क्षेत्रीय फिल्मों को 2 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही ऑनलाइन अनुमति प्रणाली, सिंगल विंडो सिस्टम और शून्य शूटिंग शुल्क जैसी सुविधाओं से फिल्मकारों को बड़ी राहत मिली है, जिससे उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को नया प्रोत्साहन मिल रहा है।
उत्तराखंड बनेगा वैश्विक फिल्म हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वैश्विक फिल्म हब के रूप में विकसित करने के लिए सरकार द्वारा फिल्म सिटी, आधुनिक स्टूडियो और फिल्म संस्थान जैसी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और अनुकूल नीतियां फिल्म उद्योग के लिए उत्तराखंड को एक आदर्श गंतव्य बनाती हैं।
मुख्यमंत्री ने आयोजकों को इस सार्थक पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और रचनात्मक मंच उत्तराखंड की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


