उत्तराखंडराज्य

कल्याणी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने हेतु सिडकुल में स्थापित कम्पनियों के पदाधिकारियों के साथ सीडीओ शासनी ने ली बैठक

रूद्रपुर 03 फरवरी 2026 । मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में कल्याणी नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने हेतु सिडकुल में स्थापित कम्पनियों के पदाधिकारियों के साथ जिला सभागार में बैठक आयोजित हुई। उन्होने औद्योगिक संस्थानों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि बिना ट्रीट किये पानी को कल्याणी नदी में कतई न छोड़ा जाये। उन्होने कहा कि सभी कम्पनियां प्रदूषित पानी को ट्रीट करने हेतु ट्रीटमेंट प्लांटो में सुधार कर ले। एक माह के बाद कम्पनियों से निकलने वाले पानी की सैम्पलिंग/जांच करायी जायेगी। जिस भी कम्पनी से दूषित पानी कल्याणी नदी में गिरता हुआ पाया गया तो सम्बन्धित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। उन्होने आरएम सिडकुल व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कम्पनियों में स्थापित ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर देखे कि ट्रीटमेंट प्लांट कार्य कर रहा है या नही। उन्होने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन कम्पनियों द्वारा खतरनाक कैमिकल प्रयोग किया जाता है उन कम्पनियों की सूची बनाकर नियमित जांच करें। उन्होने आरएम सिडकुल व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कल्याणी नदी को सिडकुल में प्रवेश होने से पूर्व व सिडकुल क्षेत्र समाप्ति के बाद अटरियां मंदिर के पास व शहर समाप्ति के बाद उत्तर प्रदेश सीमा पर कल्याणी नदी के पानी का सैम्पलिंग कराते हुए जांच कराये कि किस क्षेत्र में कितना कल्याणी नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी/आरएम सिडकुल मनीष बिष्ट, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसपी सिंह, सहायक अभियंता सुनील कुमार, दिलदार अली सहित औद्योगिक संस्थानों के एचआर हैड आदि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button