देहरादून 30 जनवरी,2026 ।
उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, देहरादून के मा० अध्यक्ष श्री संजय नेगी की अध्यक्षता में आज आयोग कार्यालय में विभिन्न जनपदों से प्राप्त शिकायत मामलों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान आयोग द्वारा सर्वप्रथम शिकायतकर्ताओं का पक्ष सुना गया तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भी आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखा।
हरिद्वार जनपद से प्राप्त शिकायत पर तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग अध्यक्ष ने 15 दिवस के भीतर समिति गठित कर विधिसम्मत कार्यवाही करते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उधम सिंह नगर जनपद से प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास सुविधा से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से खंड विकास अधिकारी, जसपुर उपस्थित हुए। आयोग को अवगत कराया गया कि पात्रता के आधार पर आवास आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, जिस पर आयोग द्वारा पत्रावली निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
पौड़ी गढ़वाल जनपद से जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरण में तहसील स्तर से आवश्यक कार्यवाही पूर्ण किए जाने की सूचना दी गई, जिसके आधार पर आयोग द्वारा पत्रावली निस्तारित की गई।
उधम सिंह नगर जनपद के मारपीट एवं उत्पीड़न से जुड़े मामलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा आयोग को अवगत कराया गया कि संबंधित प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया है। वहीं, भूमि विवाद से जुड़े कुछ मामलों में उपजिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सुनवाई के दौरान कुल छह शिकायत प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बैठक में आयोग अध्यक्ष श्री संजय नेगी, सचिव श्री गौरव सिंह, आयोग सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



