उत्तराखंड के चार 50+ फुटबॉल खिलाड़ी इंटरनेशनल मास्टर्स स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए चयनित, आबूधाबी रवाना होने से पूर्व मिला आशीर्वाद
देहरादून, 4 फरवरी 2026। 
उत्तराखंड के लिए खेल जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। राज्य के चार 50 प्लस आयु वर्ग के फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन यूनाइटेड अरब अमीरात के आबूधाबी में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल मास्टर्स स्पोर्ट्स चैंपियनशिप (फुटबॉल) 2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 6 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।
चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें रायपुर विधायक एवं भाजपा नेता श्री उमेश शर्मा ‘काउ’ तथा दून डिफेन्स एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री संदीप गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विधायक श्री उमेश शर्मा ‘काउ’ को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं भी दी गईं।
उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार 50 प्लस फुटबॉल टीम अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने जा रही है। खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों—
डॉ. विरेंद्र सिंह रावत (पूर्व नेशनल फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी एवं इंटरनेशनल कोच, राज्य आंदोलनकारी), देहरादून
आसिफ अली (पूर्व नेशनल खिलाड़ी), अल्मोड़ा
गोपाल सिंह रावत (पूर्व नेशनल खिलाड़ी), ऋषिकेश
विमल सिंह रावत (पूर्व नेशनल खिलाड़ी), देहरादून
का चयन इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इस चयन प्रक्रिया के तहत देशभर से 50 प्लस आयु वर्ग के 36 खिलाड़ियों ने दिल्ली में आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग किया, जिसमें से 22 खिलाड़ियों का अंतिम चयन किया गया। उत्तराखंड से 10 खिलाड़ी इस शिविर में शामिल हुए थे, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चार खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की। यह शिविर खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी श्री शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया था।
खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के महासचिव डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारतीय टीम इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश के लिए पदक लेकर आएगी तथा भारत का नाम रोशन करेगी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक देश भाग ले रहे हैं।
डॉ. रावत ने यह भी बताया कि विगत चार वर्षों से उत्तराखंड की खेलो मास्टर्स टीम 40 प्लस, 50 प्लस और 60 प्लस श्रेणियों में लगातार स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ा रही है। इन उपलब्धियों के उपरांत खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं खेल मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि देशभर से चयनित 58 खिलाड़ियों का दल विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने हेतु 5 फरवरी 2026 को यूनाइटेड अरब अमीरात (आबूधाबी) के लिए प्रस्थान करेगा। इस दल में आईएएस, पीसीएस, सेना अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।



