
देहरादून, 21 फरवरी 2026 ।देहरादून के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में देहरादून शहर को सुनियोजित, आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा संचालित प्रमुख परियोजनाओं पर कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। राज्य सरकार की प्राथमिकता शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करना तथा यातायात, पार्किंग और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आज एमडीडीए की तीन अति महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना
इंदिरा मार्केट एवं टैक्सी स्टैंड क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों को एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बाजार में स्थानांतरित करने के उद्देश्य से यह परियोजना संचालित की जा रही है। परियोजना के प्रथम चरण में C एवं D ब्लॉक में दो तल का बेसमेंट निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि शीर्ष तल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
परियोजना के अंतर्गत तीन तल के बेसमेंट में कुल 1050 कार पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। बेसमेंट निर्माण पूर्ण होने के पश्चात दुकानों का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि प्रभावित दुकानदारों को शीघ्र दुकानों का आवंटन किया जा सके। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयसीमा के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
आढ़त बाजार परियोजना
शहर के केंद्र में तहसील चौक से सहसपुर चौक के मध्य स्थित सड़क को 24 मीटर चौड़ी व्यवस्थित सड़क के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से हरिद्वार बाइपास पर लगभग 7.7 हेक्टेयर भूमि पर नवीन आढ़त बाजार विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों की मंडियों के लिए सुव्यवस्थित लेआउट तैयार किया गया है। व्यवसायियों और आमजन की सुविधा हेतु लगभग 650 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही वेयरहाउस, कार्यालय, ओवरहेड वाटर टैंक, एसटीपी, पार्क, विद्युत एवं पेयजल जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। सचिव ने निर्देश दिए कि गुणवत्ता से कोई समझौता न करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।
मल्टी लेवल कार पार्किंग, तहसील परिसर
पलटन बाजार एवं तहसील चौक क्षेत्र में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए नवीन तहसील कार्यालय के साथ मल्टी लेवल कार पार्किंग का निर्माण प्रस्तावित है। इस संबंध में दरबार साहिब से वार्ता प्रक्रिया प्रचलित है। प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जानी है। परियोजना की जटिलता को देखते हुए आवास सचिव ने वार्ता प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण के अवसर पर प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अपर अभियंता नवीन चंद्र जुनेजा, नज़ीर अहमद, वास्तुविद प्रशांत नौटियाल, परियोजना निदेशक (निर्माण इकाई) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार का बयान
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून शहर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा मार्केट, आढ़त बाजार एवं मल्टी लेवल कार पार्किंग जैसी परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगी। सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, इसके लिए नियमित निगरानी और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

