उत्तराखंडजनसुनवाई

देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर सख्ती, 415 औचक निरीक्षण; 150 घरेलू सिलेंडर जब्त, 3 आरोपी जेल भेजे गए

देहरादून,19 मार्च 2026 । एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के तहत जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) गठित कर गैस एजेंसियों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
क्यूआरटी टीम ने आज विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान सहस्त्रधारा क्षेत्र से अलग-अलग होटल-ढाबों में अवैध रूप से उपयोग हो रहे 15 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार, होम डिलीवरी के लिए भेजे गए 200 सिलेंडर उपभोक्ताओं के पास खाली सिलेंडर न होने के कारण वापस एजेंसियों में जमा हुए। बताया गया कि कई उपभोक्ताओं ने घबराहट में पहले से सिलेंडर होने के बावजूद बुकिंग करा दी थी। ऐसे मामलों को बैकलॉग में दर्ज किया गया है और जरूरत पड़ने पर पुनः होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से पूरे जिले में गैस आपूर्ति की निगरानी कर रहे हैं। अब तक जिले में 415 औचक निरीक्षण किए जा चुके हैं। प्रशासन की सख्ती और कालाबाजारी के खिलाफ दर्ज मुकदमों के चलते अवैध कारोबार करने वालों में भय का माहौल है।
प्रशासन ने अब तक गैस कालाबाजारी के 5 मुकदमे दर्ज कर 3 आरोपियों को जेल भेजा है। साथ ही 150 घरेलू, 139 व्यवसायिक और 7 छोटे सिलेंडर जब्त किए गए हैं। उपभोक्ताओं को अब ओटीपी आधारित प्रणाली से होम डिलीवरी के जरिए गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर कुल 35 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनका त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जिले में 19,138 घरेलू और 201 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू गैस का लगभग 94 हजार का बैकलॉग है, जबकि 42,848 घरेलू और 1,658 व्यवसायिक सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।
बैकलॉग के कारणों पर तेल कंपनियों ने बताया कि बुकिंग सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी समस्या के चलते कुछ दिनों तक मैन्युअल एंट्री करनी पड़ी, जिसकी करीब 25 हजार प्रविष्टियां अभी सिस्टम में अपडेट होनी बाकी हैं। इसके अलावा 11 मार्च से शहरी क्षेत्रों में डिलीवरी समय 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन किए जाने के कारण भी बैकलॉग अधिक दिखाई दे रहा है।
प्रशासन का कहना है कि घरेलू और व्यवसायिक दोनों श्रेणियों में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है और जल्द ही बैकलॉग को कम कर स्थिति सामान्य की जाएगी।

Related Articles

Back to top button