Breaking Newsउत्तराखंड

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक, पार्किंग, पेयजल और सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

देहरादून,19 मार्च 2026 । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं को संस्तुति प्रदान की गई।
बैठक में शहरी विकास विभाग के तहत पौड़ी गढ़वाल स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर और रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को मंजूरी दी गई। नीलकंठ महादेव पार्किंग (लागत 5183.65 लाख) और रामनगर पार्किंग (लागत 3857.64 लाख) के लिए मुख्य सचिव ने पार्किंग गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पार्किंग स्थलों पर प्रवेश-निकासी के लिए टर्निंग रेडियस सहित तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने और नीलकंठ महादेव में जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही भवनों के फसाड के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया।
पेयजल विभाग की तीन योजनाओं—पीपलकोटी (2438.32 लाख), तिलवाड़ा (3986.24 लाख) और ऊखीमठ (2578.52 लाख) नगर पंचायत पेयजल परियोजनाओं के साथ ही लालकुआं में 37.95 लाख की सीवरलाइन परियोजना को भी मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटर लगाने और सीवरलाइन कार्यों की समयबद्ध मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग की काठगोदाम बाईपास मार्ग परियोजना के अंतर्गत 3.5 किमी सड़क और 75 मीटर स्पान के पुल निर्माण (लागत 1177.93 लाख) को भी समिति ने स्वीकृति दी।
बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री दिलीप जावलकर, श्री रणवीर सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button