
देहरादून,19 मार्च 2026:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिन्दू नववर्ष के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पंचांग कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। यह पहली बार है जब विभाग द्वारा इस प्रकार का पंचांग कैलेंडर प्रकाशित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने और जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की परंपराएं केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि जीवनशैली और सामाजिक संरचना का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे में पंचांग कैलेंडर का प्रकाशन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने बताया कि यह पंचांग कैलेंडर तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व और विशेष दिनों की सटीक जानकारी देने के साथ-साथ पारंपरिक त्योहारों, व्रतों और धार्मिक आयोजनों की महत्ता से भी लोगों को अवगत कराएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कैलेंडर में उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था स्थलों को विशेष स्थान दिया गया है, जो राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हैं।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि यह कैलेंडर राज्यवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा और भविष्य में इसे और अधिक समृद्ध रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस मौके पर सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



