
देहरादून 24 अप्रैल । पुष्कर सिंह धामी ने स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने स्व. बहुगुणा जी को असाधारण व्यक्तित्व का धनी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया ने बहुगुणा जी को एक कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता और प्रखर राजनेता के रूप में जाना। वे जीवनभर किसानों और गरीबों के हितों के लिए समर्पित रहे और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु निरंतर कार्य करते रहे।
उन्होंने कहा कि स्व. बहुगुणा जी का पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण और गहन चिंतन था। उन्हें अपनी संस्कृति और सभ्यता से गहरा लगाव था, जो उनके कार्यों और विचारों में स्पष्ट रूप से झलकता था।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अपनी विलक्षण प्रतिभा और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के बल पर स्व. बहुगुणा जी ने भारतीय राजनीति में एक विशिष्ट पहचान स्थापित की, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।