
देहरादून,20 मार्च 2026 । जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर प्रशासन ने क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया है।
क्यूआरटी टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 26 शिकायतें दर्ज की गई हैं। कंट्रोल रूम में तैनात जिला पूर्ति विभाग की टीम द्वारा इन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में आज करीब 24,459 घरेलू उपभोक्ताओं और 269 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर का लगभग 93 हजार का बैकलॉग बना हुआ है, जबकि 36,743 घरेलू और 1,592 व्यावसायिक सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन के अनुसार, बैकलॉग का मुख्य कारण पिछले दिनों तीन दिन तक बुकिंग सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी समस्या रही, जिसके चलते मैन्युअल रजिस्टर के माध्यम से आपूर्ति की गई। अब इन प्रविष्टियों को सॉफ्टवेयर में अपडेट किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने बताया कि घरेलू के साथ-साथ व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल्द ही बैकलॉग को समाप्त किया जा सके।
