उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

महिला रामलीला के अभिनव मंचन की मुख्यमंत्री ने की सराहना, श्रीराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान

हल्द्वानी 11 अप्रैल । शनिवार सायं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित हीरानगर, पर्वतीय उत्थान मंच में पुनर्नवा महिला समिति द्वारा आयोजित महिला रामलीला कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने अपने वर्चुअल संबोधन में महिला रामलीला का अभिनव मंचन कर रही आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और हमें उनके सत्य, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार भी इन्हीं आदर्शों को आत्मसात कर जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश सांस्कृतिक एवं धार्मिक उत्थान की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण और विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, मथुरा, अयोध्या सहित उत्तराखंड के मठ-मंदिरों एवं चारधाम में चल रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य और दिव्य मंदिर निरंतर विकसित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम एवं बदरीनाथ धाम में संचालित पुनर्निर्माण कार्यों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और वे यहां के सांस्कृतिक एवं धार्मिक वैभव को समृद्ध करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारपुरी से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री द्वारा यह घोषणा की गई थी कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा और राज्य सरकार इस संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री की आदि कैलाश यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसके बाद क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप उत्तराखंड के विकास में सहयोग करें तथा भगवान श्रीराम के सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलें, तभी 21वीं सदी का तीसरा दशक वास्तव में उत्तराखंड का दशक बन सकेगा।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता श्याम अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी शंकर कोरंगा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद दर्मवाल, मधुकर क्षत्रिय, विनीत अग्रवाल, शांति जीना, लता बोरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button