
देहरादून,11 अप्रैल 2026 । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाकचौबंद रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से राजधानी दिल्ली-एनसीआर से देहरादून की दूरी और समय दोनों में कमी आएगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि चारधाम यात्रा के लिए कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

