एनएसएस स्वयंसेवकों से मिले राज्यपाल, गणतंत्र दिवस परेड में राज्य का प्रतिनिधित्व करने पर दी बधाई

देहरादून,21 अप्रैल 2026 । गुरमीत सिंह से आज लोक भवन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने शिष्टाचार भेंट की। ये स्वयंसेवक 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस अवसर पर वे स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे, जिन्हें माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है।
राज्यपाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सेवा भाव के साथ एनएसएस से जुड़ना युवाओं के लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड जैसे वैश्विक मंच पर राज्य का प्रतिनिधित्व करना अत्यंत सम्मानजनक उपलब्धि है, जिसे देश ही नहीं बल्कि विश्वभर में देखा जाता है।
राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि लाखों युवाओं में से चुनिंदा लोगों को ही प्राप्त होती है। उन्होंने इसे न केवल व्यक्तिगत सफलता, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व का क्षण बताया।
राज्यपाल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे समाज में ‘ब्रांड एंबेसडर’ की भूमिका निभाएं और एनएसएस के मूल सिद्धांत—सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व—को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, एनएसएस के क्षेत्रीय निदेशक समरदीप सक्सेना तथा राज्य एनएसएस अधिकारी सुनैना रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



