चकराता में 21 से 23 जुलाई तक लगेगा ‘विकसित भारत’ जनजागरूकता मेला, रोजगार, आजीविका और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी

देहरादून,20 जुलाई। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा 21 से 23 जुलाई, 2026 तक चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में “विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय संचार ब्यूरो के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास और आजीविका मिशन की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान आकर्षक चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकसित भारत की विकास यात्रा और प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विशेष जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए प्रतियोगिताएं, विभिन्न विभागों के सूचनात्मक स्टॉल तथा निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में जौनसार क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता दी जाएगी। स्थानीय लोक कलाकार लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति से आगंतुकों का परिचय कराएंगे।
कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों से 21 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता पहुंचकर कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
