गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की समरसता संकल्प कार्यशाला आयोजित, मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ
देहरादून, 24 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से देहरादून में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत एक दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। त्यागी रोड स्थित होटल स्टार वुड में आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने दोहों और पदों के माध्यम से समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव को समाप्त करने, सामाजिक समरसता स्थापित करने और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया। उनका जीवन समानता, श्रम की प्रतिष्ठा, भक्ति और सामाजिक न्याय का प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी अत्यंत दयालु, उदार और लोककल्याणकारी संत थे। उनके जीवन से जुड़ी अनेक घटनाएं उनकी आध्यात्मिक शक्ति और समाज सुधार के प्रति समर्पण को दर्शाती हैं। उन्होंने अपने कर्म और साधना से यह संदेश दिया कि व्यक्ति की महानता उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके विचारों, आचरण और कर्म से निर्धारित होती है।
कार्यशाला में यह भी कहा गया कि संत रविदास स्वयं चर्मकार समाज से थे, लेकिन उन्होंने कभी भी अपने जन्म को हीनता का कारण नहीं माना। उन्होंने श्रम को ईश्वर के समान पूजनीय बताया और प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य के प्रति सम्मान और निष्ठा रखने की प्रेरणा दी। साथ ही सत्संग, सदाचार और समाज सेवा को जीवन का आधार बताया।
वक्ताओं ने संत रविदास जी के भारत भ्रमण और सामाजिक जागरण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देशभर में समरस समाज की स्थापना और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री बालवीर घुनियाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, महामंत्री दीप्ति रावत, स्वराज विद्वान, विनोद लक्खा, विशाल बिरला, ओम प्रकाश भुजवान, विनोद महार, दया राम सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



